Explore

Search

October 11, 2026 10:59 am

दहेज का टीवी खरीदने निकले, हाईवा ने मारी टक्कर; एक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों परिवार में होने वाली शादी के लिए दहेज में देने का टीवी खरीदने जा रहे थे। उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, लोहर्सी निवासी बरन भानु अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। परिवार में जल्द शादी समारोह होना है और दोनों दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने निकले थे। दोपहर करीब तीन बजे पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 और पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सिम्स में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु ने दम तोड़ दिया। वहीं बंशी श्रीवास का उपचार जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में अपराध दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

बरन भानु की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शादी की तैयारियां थम गईं। जिस घर में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS