रायगढ़, 9 जुलाई। करीब 100 दिन बाद राजस्थान से सकुशल अपने घर लौटे पुसौर विकासखंड के ग्राम पुटकापुरी निवासी रामदास महंत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी शशि मोहन सिंह से सौजन्य भेंट की।
इस दौरान एसएसपी ने उनका हालचाल जाना और बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने जरूरत पड़ने पर पुलिस और प्रशासन से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
मुलाकात के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस भी मौजूद रहे। एसएसपी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि समय-समय पर रामदास महंत और उनके परिवार से संपर्क कर उनका कुशलक्षेम जानें तथा आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं।
गौरतलब है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ रामदास महंत करीब 100 दिन पहले घर से लापता हो गए थे। परिजनों और ग्रामीणों की लगातार तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से उनके राजस्थान के सिरोही जिले में होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन और रायगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई। पुसौर थाना पुलिस ने राजस्थान स्थित मानव सेवा आश्रम से संपर्क कर उनकी मौजूदगी की पुष्टि की। इसके बाद जिला प्रशासन ने उनकी घर वापसी के लिए यात्रा, आर्थिक सहायता और रेल आरक्षण की व्यवस्था कराई। इस अभियान में क्षेत्रीय सांसद राधेश्याम राठिया का भी सहयोग रहा।
30 जून 2026 को रामदास महंत राजस्थान से रवाना हुए और सकुशल अपने गांव पहुंचे। गांव लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनका भावुक स्वागत किया। प्रशासन, पुलिस, ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से एक बिछड़ा परिवार फिर से मिल सका।
प्रधान संपादक


