बिलासपुर। शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने सुबह सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 90 संदिग्ध एवं आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों को हिरासत में लेकर उनका सत्यापन एवं पूछताछ की।
जांच के बाद 76 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 12 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
अभियान के दौरान दो व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए। उनके कब्जे से हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों में चिन्हित चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया।
पुलिस ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में मारपीट, अवैध हथियार रखने, भय का माहौल बनाने या कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर सहित अन्य निरोधात्मक प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपराधी और असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
प्रधान संपादक


