Explore

Search

July 4, 2026 8:48 pm

एसआर हॉस्पिटल में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान

दुर्ग।चिखली स्थित एसआर हॉस्पिटल एंड कॉलेज में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों एवं अस्पताल के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में केक काटकर सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसआर हॉस्पिटल एंड कॉलेज के चेयरमैन संजय तिवारी ने कहा कि डॉक्टर समाज में सेवा, समर्पण और मानवता के प्रतीक हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं। ऐसे में उनका सम्मान करना समाज का दायित्व है।

मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं कार्डियोलॉजी सर्जन डॉ. रंजन सेन गुप्ता ने कहा कि 1 जुलाई महान चिकित्सक डॉ. बी.सी. राय की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल एक परिवार की तरह होता है, जहां चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी सामूहिक रूप से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने सभी से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. के.के. जैन ने कहा कि डॉ. बी.सी. राय का संपूर्ण जीवन चिकित्सा सेवा के लिए समर्पित रहा। उनका सेवाभाव सभी चिकित्सकों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं जनरल सर्जन डॉ. वाई.के. शर्मा एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वनश्री सिन्हा ने कहा कि चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ को सदैव सेवा भावना के साथ मरीजों की देखभाल करनी चाहिए।

इस अवसर पर चेयरमैन संजय तिवारी ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रंजन सेन गुप्ता, डॉ. के.के. जैन, डॉ. वाई.के. शर्मा एवं डॉ. वनश्री सिन्हा सहित डॉ. दीपा मिश्रा, डॉ. ममता साहू, डॉ. सुमित सोनी, डॉ. बलिराम रॉय तथा डॉ. अश्वनी शुक्ला को स्मृति चिन्ह, उपहार एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।

अस्पताल के अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने पर वरिष्ठ लेखाकार अभिषेक रिछारिया, नेत्र विभाग सहायक प्रेम चंद्राकर, आयुष्मान प्रभारी प्रियेश मिश्रा, मैनेजिंग डायरेक्टर जगजीत नारायण पांडेय, सीमा बरहरे एवं तनुजा साहू सहित अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सम्मानित चिकित्सकों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मरीजों की सेवा पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जारी रखने का संकल्प दोहराया। इस दौरान बड़ी संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS