Explore

Search

July 4, 2026 5:32 pm

खेत की घेराबंदी बनी काल, करंट की चपेट में आकर मां और दो बेटों की मौत

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में खेत की घेराबंदी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मां और उसके दो बेटों की करंट लगने से मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, खेत की घेराबंदी में इस्तेमाल किए जा रहे जीआई तार में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई अपने खेत की मेड़ पर मवेशियों से फसल की सुरक्षा के लिए जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस दौरान उनका बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14) भी उनके साथ काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक जीआई तार में करंट दौड़ गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही तीनों की मौत हो गई।

दसन बाई के पति सीताराम सिंगरौल पेशे से ड्राइवर हैं। शुक्रवार सुबह वे रोज की तरह काम पर चले गए थे। शाम को घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। पहले उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वे खेत पहुंचे, जहां मेड़ के पास पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर वे बदहवास हो गए और तत्काल ग्रामीणों तथा कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन खेत में करंट पहुंचने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी विद्युत लाइन के संपर्क में आने या तकनीकी खराबी के कारण घेराबंदी में लगाए गए जीआई तार में करंट प्रवाहित हुआ होगा। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से ग्राम भाड़म में मातम पसरा हुआ है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों शव गांव पहुंचे तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए। शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS