Explore

Search

July 2, 2026 11:51 pm

रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.14 लाख की ठगी, दंपती के खिलाफ एफआईआर

बिलासपुर। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.14 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने एक दंपती के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल मिश्रा उर्फ राहुल भारद्वाज और उसकी पत्नी पद्मा जनार्दन के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के चिंगराजपारा निवासी विष्णु नारायण महतो ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पिता राम इकबाल महतो वर्ष 2021 में बीएसएनएल से टेलीफोन टेक्नीशियन पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। कुछ वर्ष पूर्व मोहल्ले के मंदिर में कृष्ण कुमार चौकसे के माध्यम से उनकी मुलाकात राहुल मिश्रा उर्फ राहुल भारद्वाज से हुई थी। राहुल ने स्वयं को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताते हुए रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2023 में राहुल ने नौकरी लगाने के नाम पर 2.50 लाख रुपये की मांग की। बाद में अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 14 हजार 600 रुपये लिए गए। इसमें 84 हजार रुपये नकद तथा 1 सितंबर 2025 को 70 हजार रुपये और 1 लाख 60 हजार 600 रुपये ऑनलाइन उसकी पत्नी पद्मा जनार्दन के बैंक खाते में जमा कराए गए। रुपये लेने के बाद आरोपी ने शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी अपने पास रख लिए तथा लगातार नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा।

पीड़ित का आरोप है कि काफी समय बीतने के बावजूद नौकरी नहीं लगी। पूछताछ करने पर आरोपी रेलवे में नौकरी दिलाने के बजाय पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में दुकान दिलाने का प्रस्ताव देने लगा। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि राहुल भारद्वाज पर अन्य लोगों से भी नौकरी और निगम की दुकान दिलाने के नाम पर रुपये लेने के आरोप हैं। पीड़ित ने मनु नायक, सुनील कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की ठगी होने की जानकारी पुलिस को दी है।

सरकंडा पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद राहुल मिश्रा उर्फ राहुल भारद्वाज एवं पद्मा जनार्दन के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS