Explore

Search

August 27, 2026 1:39 am

रतनपुर में मकान में लगी आग के बीच फटा गैस सिलेंडर, युवक गंभीर रूप से झुलसा

कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास हादसा, घरेलू सामान और बाइक जलकर राख, घायल सिम्स रेफर

बिलासपुर। रतनपुर के कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास बुधवार शाम एक मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के प्रयास के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से आग बुझा रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। आग से मकान में रखा घरेलू सामान और बाहर खड़ी मोटरसाइकिल जलकर नष्ट हो गई।

रतनपुर थाना प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि दशरथ देवार के मकान में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

इसी दौरान पड़ोसी कपिल यादव मकान की छत पर चढ़कर पानी डाल रहे थे। तभी घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के झटके से कपिल यादव नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उन्हें तत्काल रतनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

हादसे में घर में रखा फर्नीचर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। वहीं, मकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS