बिलासपुर। शहर में बुधवार को दिनभर उमस बनी रही। हालांकि बीच-बीच में चली ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हवा में नमी अधिक रहने के कारण वातावरण में चिपचिपाहट महसूस की गई। इस बीच तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने से भीषण गर्मी का असर लगभग समाप्त हो गया है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान मानसूनी गतिविधियां और सक्रिय होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 3 जुलाई से नया निम्न दाब क्षेत्र बनने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
करीब एक सप्ताह पहले तक बिलासपुर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था, लेकिन अब इसमें लगभग आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जिले में कुल 112 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि शहर में 5.5 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय द्रोणिका के प्रभाव से आगामी दिनों में रुक-रुककर अच्छी बारिश का दौर जारी रह सकता है। एक सप्ताह पहले तक जहां तेज धूप और भीषण गर्मी से लोग परेशान थे, वहीं अब तापमान सामान्य से नीचे पहुंचने से गर्मी से राहत मिली है। हालांकि हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस बनी हुई है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
प्रधान संपादक


