छत्तीसगढ़,रायगढ़। जिले में लंबित प्रकरणों के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने चिटफंड धोखाधड़ी के मामले में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी फ्लोरा मैक्स कंपनी से जुड़े थे और उन पर 165 ग्रामीण महिलाओं से करीब 49.50 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया की शिकायत पर पांच दिसंबर 2024 को थाना धरमजयगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने महिलाओं को स्व-रोजगार, अधिक मुनाफा और बैंक ऋण दिलाने का झांसा देकर कंपनी से जोड़ा। महिलाओं के नाम पर बैंक से ऋण लेकर दुकानें खुलवाई गईं, लेकिन व्यवसाय और उससे होने वाली आय पर कंपनी के संचालकों ने कब्जा कर लिया। साथ ही प्रत्येक महिला को प्रतिमाह 2,700 रुपये देने का वादा भी पूरा नहीं किया गया, जिससे महिलाओं पर बैंक ऋण की किस्तों का बोझ बढ़ गया।
जांच में सामने आया कि कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह, राजू सिंह, गुड़िया देवी राजपूत तथा कंपनी से जुड़े श्याम सिंह राजपूत, बलराम बंजारा सहित अन्य लोगों ने धरमजयगढ़ क्षेत्र के चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांव की 165 महिलाओं से लगभग 49.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। इस संबंध में थाना धरमजयगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, छत्तीसगढ़ निक्षेपकों का संरक्षण अधिनियम तथा इनामी चिट एवं धन परिचालन स्कीम (प्रतिबंध) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने धरमजयगढ़ के नीचेपारा में कंपनी की शाखा खोलकर महिलाओं को विभिन्न व्यवसायों में निवेश के नाम पर जोड़ा। प्रत्येक महिला से 30 हजार रुपये जमा कराने के साथ बैंक से ऋण भी दिलवाया गया। समूह बनाकर विभिन्न स्थानों पर दुकानें संचालित कराई गईं, लेकिन दुकानों से होने वाली आय कंपनी के संचालकों ने अपने पास रख ली। महिलाओं को तय राशि का भुगतान भी नहीं किया गया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
प्रकरण में इससे पहले कंपनी की एजेंट मंजू चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उसके कब्जे से स्कूटी, रसीदें, रजिस्टर, बैंक ऋण संबंधी दस्तावेज और कंपनी का प्रचार-प्रसार सामग्री जब्त की गई थी। वहीं अन्य आरोपी अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुड़िया देवी को कोरबा जिले के एक अन्य धोखाधड़ी मामले में जेल में निरुद्ध पाए जाने पर उनकी औपचारिक गिरफ्तारी भी की गई थी।
दो फरार आरोपी दबोचे गए
धरमजयगढ़ पुलिस ने अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी श्याम सिंह राजपूत को जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा तथा बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को खरसिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी बोले- आर्थिक अपराधियों पर जारी रहेगी सख्ती
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत आर्थिक अपराधों और फरार आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन की मेहनत की कमाई हड़पने वालों को कानून के दायरे में लाकर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


