रायपुर, 23 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में व्यापक जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त सात वाहनों को जप्त किया है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतों के आधार पर 22 जून को की गई कार्रवाई में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के बरबसपुर क्षेत्र में निम्न श्रेणी चूना पत्थर से लदे दो हाइवा, सूरजपुर जिले के लटोरी में रेत से भरा एक हाइवा तथा खड़गवां में एक टिप्पर पकड़ा गया। वहीं सरगुजा जिले के सकालो और अंबिकापुर क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन कर रहे तीन टिप्परों पर भी कार्रवाई की गई।

जप्त किए गए सभी वाहनों को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है।
इस दौरान अंबिकापुर के गांधी चौक क्षेत्र में जांच टीम के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला भी सामने आया। विभाग के अनुसार वाहन मालिक, चालक और उनके सहयोगियों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौच, धमकी और विरोध किया गया। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत थाना गांधीनगर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों तथा अधिकारियों को धमकाने या शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य शासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हितों की रक्षा के लिए प्रभावी निगरानी एवं प्रवर्तन आवश्यक है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में संयुक्त निरीक्षण और कार्रवाई को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
प्रधान संपादक


