भिलाई, 19 जून 2026। दुर्ग पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 12 पहुंच गई है। पुलिस ने प्रकरण में लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों और मशीनरी सहित कुल करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स एवं एचआईए हथखोज क्षेत्र में जांच की। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी हुई मिली। इसके अलावा बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप भी अलग-अलग स्थानों पर संग्रहित पाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले चार से पांच माह से योजनाबद्ध तरीके से भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप चोरी कर उसे उक्त स्थान पर जमा कर रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री जप्त की। साथ ही स्क्रैप परिवहन एवं लोडिंग में उपयोग किए जा रहे वाहन, जेसीबी, हाईड्रा तथा अन्य मशीनरी भी जब्त की गई।
विवेचना के दौरान आकाश कुमार सिंह (29 वर्ष) निवासी जामुल तथा अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा (45 वर्ष) निवासी सेक्टर-02 भिलाई की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का उद्देश्य भिलाई स्टील प्लांट से लौह स्क्रैप की चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करना था।
प्रमुख जप्ती
- लगभग 250 टन लौह प्लेट, बीम एवं लौह कटिंग सामग्री
- 4 हाईवा वाहन
- 2 ट्रक
- टाटा 1109 एवं टाटा एस वाहन
- जेसीबी एवं हाईड्रा मशीन
- चेन माउंटिंग मशीन और डस्ट छानने के लिए प्रयुक्त 5 लोहे की मशीनें
पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई की टीम, विवेचना अधिकारियों तथा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने वाले कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से चोरी, अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि संगठित अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


