बिलासपुर, 19 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर जिले में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों के साथ नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत योग दिवस के कार्यक्रमों को जनजागरूकता अभियान से जोड़ते हुए नशे के विरुद्ध सामूहिक शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों, नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आयोजन समितियों को निर्देश दिए हैं कि योगाभ्यास के समापन के बाद मुख्य अतिथि के माध्यम से नशा मुक्ति की शपथ अनिवार्य रूप से दिलाई जाए। शपथ के दौरान प्रतिभागी स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और युवाओं को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लेंगे।
जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक नशामुक्त भारत सप्ताह
इसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित “योग फॉर वेलनेस” कार्यक्रम के साथ नशा मुक्ति संकल्प को जोड़कर स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी आयोजकों से शपथ ग्रहण कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि योग और नशा मुक्ति के संयुक्त अभियान से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधान संपादक


