Explore

Search

June 8, 2026 7:53 pm

18 देशों के 10,755 लोग जुड़े ‘नेचर नीड्स यू’ अभियान से, दैनिक आदतों पर दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बागपत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माय भारत केंद्र बागपत से जुड़े उड़ान यूथ क्लब द्वारा संचालित ‘नेचर नीड्स यू’ अंतरराष्ट्रीय जागरूकता अभियान में भारत सहित 18 देशों के 10,755 लोगों ने भागीदारी की। अभियान का उद्देश्य लोगों को उनकी दैनिक जीवनशैली से जुड़ी उन आदतों के प्रति जागरूक करना था, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पर्यावरण को प्रभावित करती हैं।

क्लाइमेट कार्डिनल्स यूवाईसी इंडिया चैप्टर के माध्यम से आयोजित इस अभियान में आधी पानी की बोतल छोड़ना, एकल-उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग, अनावश्यक खरीदारी और फास्ट फैशन जैसी आदतों को पर्यावरणीय चुनौतियों से जोड़कर समझाया गया। आयोजकों ने प्रतिभागियों को बताया कि छोटी-छोटी लापरवाहियां जब बड़े स्तर पर दोहराई जाती हैं, तो उनका प्रभाव जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक समस्याओं के रूप में सामने आता है।

अभियान के तहत एक ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया गया। इसमें पारंपरिक प्रश्नों के स्थान पर दैनिक जीवन से जुड़े व्यवहारिक सवाल शामिल किए गए। प्रतिभागियों से पानी की बचत, उपभोग की आदतों, प्लास्टिक के उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को लेकर उनकी समझ का आकलन किया गया।

आयोजकों के अनुसार, कई प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि इस क्विज ने उन्हें अपनी रोजमर्रा की आदतों पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित किया। क्विज में पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही विभिन्न देशों से चयनित प्रतिभागियों की तस्वीरों को ‘नेचर नीड्स यू चैंपियंस’ नामक वैश्विक फोटो कोलाज में शामिल किया गया, जिसे सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया गया।

उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष एवं क्लाइमेट कार्डिनल्स यूवाईसी इंडिया चैप्टर के समन्वयक अमन कुमार ने कहा कि लोग अक्सर पर्यावरणीय समस्याओं पर चर्चा तो करते हैं, लेकिन अपनी व्यक्तिगत आदतों में बदलाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी दैनिक दिनचर्या में छोटे-छोटे जिम्मेदार बदलाव अपनाएं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव वैश्विक स्तर पर दिखाई दे सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि माय भारत जैसे मंच छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बड़े सामाजिक अभियानों से जुड़ने तथा अपनी पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS