Explore

Search

July 24, 2026 7:46 am

OYO होटलों की लापरवाही से नाबालिगों की सुरक्षा पर खतरा, एनजीओ महासंघ ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। शहर के OYO होटलों एवं अन्य स्थानीय होटलों में नियमों की अनदेखी कर कम उम्र के छात्र-छात्राओं को कमरे उपलब्ध कराए जाने के आरोपों को लेकर एनजीओ महासंघ बिलासपुर ने जिला पुलिस अधीक्षक एसएसपी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। महासंघ के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपकर होटल संचालकों की जवाबदेही तय करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग की।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में सामने आए एक मामले, जिसमें एक शिक्षक पर स्कूली छात्रा को बहला-फुसलाकर होटल ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है, ने समाज को झकझोर दिया है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शहर के कई होटल, विशेषकर OYO एवं कुछ स्थानीय लॉज, बिना पर्याप्त पहचान सत्यापन और उम्र की जांच किए छात्र-छात्राओं को कमरे उपलब्ध करा रहे हैं। महासंघ का कहना है कि इस तरह की लापरवाही अपराधियों और असामाजिक तत्वों को अवसर प्रदान कर सकती है। संगठन ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में भी इस विषय पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा चुका है।

महासंघ ने पुलिस प्रशासन से शहर के सभी होटलों की नियमित एवं औचक जांच कराने, बिना वैध पहचान पत्र के कमरा उपलब्ध न कराने, नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूलों, कॉलेजों एवं कोचिंग संस्थानों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

संगठन ने उम्मीद जताई है कि जिला पुलिस प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में समाजसेवी चंचल सलूजा, शशि मिश्रा, अरुणिमा मिश्रा, अभिषेक शर्मा, अभिषेक ठाकुर, गोविंद, श्याम, सोनिया, दीपा यादव और चंपा साहू सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS