Explore

Search

July 24, 2026 7:49 am

अंतर्राष्ट्रीय अभिलेखागार सप्ताह : रायपुर में 8 से 12 जून तक ऐतिहासिक दस्तावेजों की विशेष प्रदर्शनी

रायपुर।अंतर्राष्ट्रीय अभिलेखागार सप्ताह के अवसर पर संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 8 से 12 जून 2026 तक राजधानी रायपुर में विशेष प्रदर्शनी एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय स्थित आर्ट गैलरी में होगा, जहां आम नागरिक, शोधार्थी, विद्यार्थी और इतिहास प्रेमी दुर्लभ ऐतिहासिक अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन कर सकेंगे।

जानकारी के अनुसार प्रदर्शनी में नीति, नियम और शासन से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेजों के छायाचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इन अभिलेखों के माध्यम से प्रदेश और देश के प्रशासनिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक इतिहास की महत्वपूर्ण झलक देखने को मिलेगी। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

अभिलेखागार सप्ताह के अंतर्गत 9 जून को “न्याय के लिए अभिलेखागार : अधिकार, स्मृति और भविष्य” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली के विशेषज्ञ दीपक तथा भुवनेश्वर (ओडिशा) के सत्यनारायण मिश्र विषय विशेषज्ञ के रूप में अपने विचार रखेंगे। वे अभिलेखों के महत्व, उनके संरक्षण की आवश्यकता, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका तथा भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, इतिहासकारों तथा अभिलेख संरक्षण में रुचि रखने वाले नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा। इसके माध्यम से लोगों को अभिलेखागारों की भूमिका, ऐतिहासिक दस्तावेजों के महत्व और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। विभाग का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अभिलेखागारों के महत्व को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है। नागरिक 8 से 12 जून तक आर्ट गैलरी, महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय पहुंचकर इस विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS