
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि औद्योगिक इकाइयों में चोरी, गबन और अंदरूनी मिलीभगत से जुड़े अपराधों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी तथा संगठित अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई”
रायगढ़, 8 जून। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट में हुई एसएस स्क्रैप पाइप चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 300 किलो एसएस स्क्रैप पाइप तथा वारदात में प्रयुक्त एक ईको वाहन समेत कुल 9.08 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्लांट प्रबंधन की शिकायत पर 6 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
जांच में पता चला कि प्लांट के भीतर कार्यरत कर्मचारियों की मिलीभगत से खराब एसएस पाइप को फ्लाई ऐश के भीतर छिपाकर ट्रेलर के माध्यम से बाहर निकाला गया था। बाद में पाइप को एक ईको वाहन में लोड कर तराईमाल जंगल में छिपा दिया गया था, जहां से पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में पूर्व नियोजित और संगठित तरीके से अपराध किए जाने के साक्ष्य मिलने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रधान संपादक


