Explore

Search

June 6, 2026 3:21 pm

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मारपीट मामले के तीन फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 6 जून। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23) ने 28 मार्च 2026 को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 27 मार्च को श्रीराम नवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल के पास कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था, जिसमें उसने हस्तक्षेप कर बीच-बचाव किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक शोभायात्रा समाप्त होने के बाद देर रात दशरथ पान ठेला के पास साउंड सिस्टम का सामान रखवाने के दौरान शुभम भाठिया, विश्वास बैरागी, राकेश उर्फ गोलु महंत और सुनील दास महंत वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा शुभम भाठिया ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से हमला किया। वहीं अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की, जिससे वैभव ठाकुर को चोटें आईं।

मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

कोतवाली पुलिस ने अभियान के तहत 4 जून को आरोपी विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया (28 वर्ष), राकेश उर्फ गोलु महंत (25 वर्ष) और सुनील दास महंत (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने शुभम भाठिया की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया है।

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS