Explore

Search

June 3, 2026 10:41 pm

आमाघाट रोड पर ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा लूटपाट एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी”

रायगढ़, 3 जून। रायगढ़ पुलिस ने आमाघाट रोड पर ट्रक एवं ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा रात के समय वाहनों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रुकवाया जाता था और चालक-परिचालकों से मारपीट कर मोबाइल एवं नकदी लूट ली जाती थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना तमनार पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान रघुनाथ चौहान, शिव कुमार अघरिया, प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार एवं किशन कंवर के रूप में हुई है।

प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब झारखंड निवासी ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आमाघाट क्षेत्र में अज्ञात युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी की, जिससे वाहन का शीशा टूट गया और उसे चोटें आईं। वाहन रोकने पर एक युवक ट्रक में चढ़ गया और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।

जांच के दौरान पुलिस को ग्राम देलारी के कुछ युवकों की संलिप्तता की जानकारी मिली। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रघुनाथ चौहान और शिव कुमार अघरिया को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन सहित कुल छह मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पहचान परेड में पीड़ित चालक ने सभी आरोपियों की शिनाख्त की। जांच में सामूहिक रूप से लूटपाट किए जाने के प्रमाण मिलने पर प्रकरण में डकैती की धारा जोड़ी गई।सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS