Explore

Search

June 6, 2026 12:04 pm

ऑपरेशन क्लीन हंट : 10 महीने से फरार ट्रेलर लूटकांड का आरोपी कोरबा से गिरफ्तार

रायगढ़, 3 जून। रायगढ़ पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में फरार चल रहे एक और आरोपी को दबोच लिया है। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत तमनार पुलिस ने 10 माह से फरार वारंटी अजय गोस्वामी (32) निवासी कुसमुंडा, कोरबा को उसके घर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार अजय गोस्वामी उस गिरोह का सदस्य था जिसने अगस्त 2025 में तमनार क्षेत्र के हुंकराडीपा के पास ट्रेलर वाहनों की लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी अपने पिता, भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल नौ लोगों के गिरोह में शामिल था। वारदात के बाद लूटे गए ट्रेलरों को ओडिशा ले जाकर छिपा दिया गया था।

घटना के महज 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अजय गोस्वामी और उसका एक अन्य साथी फरार हो गए थे। फरारी के दौरान न्यायालय में चालान पेश किए जाने के बाद दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अजय गोस्वामी अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में टीम कोरबा रवाना हुई और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

ऐसे हुई थी ट्रेलर लूट

18 अगस्त 2025 को रायगढ़ निवासी संजय पटेल ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने एसबीआई कोरबा शाखा से नीलामी में चार ट्रेलर खरीदे थे। उसी रात हुंकराडीपा के पास बदमाशों ने एक ट्रेलर को रोककर चालक समेत अन्य ड्राइवरों से मारपीट की और मोबाइल फोन लूट लिए थे।

जांच में खुलासा हुआ कि पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओडिशा के हमीरपुर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास

में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद कर लिए थे। मामले में अमन गोस्वामी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में सामने आया था कि आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार और कैम्पर वाहन में सवार होकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। गिरोह में पांच से अधिक लोगों की संलिप्तता मिलने पर पुलिस ने डकैती से संबंधित गंभीर धाराएं भी जोड़ी थीं।

1.56 करोड़ की संपत्ति बरामद

इस चर्चित मामले में पुलिस अब तक चार ट्रेलर वाहन, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर चुकी है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत एवं आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले के शेष फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS