Explore

Search

June 3, 2026 1:19 pm

सुशासन तिहार 2026: मुख्यमंत्री ने चार जिलों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयसीमा में कार्य के निर्देश

कांकेर। प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को कांकेर में आयोजित समीक्षा बैठक में कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर और बस्तर जिलों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशील और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से सकारात्मक सोच और परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने की अपेक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केन्द्रों से धान उठाव की प्रक्रिया तेज करने तथा स्थानीय स्तर पर धान मिलिंग को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को उद्यमिता हेतु प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को नैनो यूरिया एवं वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित करने तथा पीएम किसान सम्मान निधि एवं एग्रीस्टैक पोर्टल में पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, संस्थागत प्रसव, सिकल सेल स्क्रीनिंग तथा मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।

महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों को रेडी-टू-ईट निर्माण का कार्य देने, कुपोषण मुक्त आंगनबाड़ी केन्द्रों की संख्या बढ़ाने तथा महतारी वंदन योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पेयजल आपूर्ति की सतत निगरानी रखने को कहा। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग संबंधी जनजागरूकता अभियान लगातार चलाने तथा डायल-112 सेवा के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम जनमन, बिहान योजना, तेंदूपत्ता खरीदी, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन, अटल डिजिटल सेवा केन्द्र, ई-ऑफिस प्रणाली, डीएमएफ कार्यों, शिक्षा, सड़क अवसंरचना और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों की विभागवार समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने पखांजूर क्षेत्र में मत्स्यपालन की संभावनाओं को देखते हुए जल संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अंतागढ़ और कोयलीबेड़ा क्षेत्रों में डीएमएफ मद से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और कुपोषण उन्मूलन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS