रायपुर, 28 मई। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की देशी-विदेशी 250 से अधिक किस्मों की बहार देखने को मिलेगी। महोत्सव का शुभारंभ 29 मई को अपरान्ह 4 बजे रमेन डेका करेंगे। समारोह की अध्यक्षता विष्णुदेव साय करेंगे।
महोत्सव का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय परिसर में किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू तथा धरसींवा विधायक अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
आम की 250 से अधिक किस्मों का होगा प्रदर्शन

राष्ट्रीय आम महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, मालदा, केसर, अल्फांसो, तोतापरी, नीलम, फजली समेत व्यावसायिक किस्मों के साथ मल्लिका, आम्रपाली, सिंधु, रत्ना जैसी संकर किस्मों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं हाथीझुल, नूरजहां, गुलाब खास जैसी विशिष्ट किस्में भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विदेशी किस्मों में मियाजाकी, टॉमी एटकिन्स और गोल्डन नगेट्स का प्रदर्शन किया जाएगा।
आम आधारित प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
महोत्सव में आम से बने व्यंजनों, आम सजावट, बोनसाई, मॉडल, फैंसी ड्रेस और मैंगो क्विज जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, महिलाएं तथा आमजन भी इसमें भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों के लिए पंजीयन और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
आम से बने उत्पादों में पना, शर्बत, आमरस, आम पापड़, जैम, अचार, चटनी और मिठाइयों की प्रतियोगिता भी होगी। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय आम से विभिन्न व्यंजन बनाने का प्रदर्शन करेंगी।
तकनीकी सत्रों में मिलेगा मार्गदर्शन
30 मई को ‘‘आम उत्पादन समस्या एवं समाधान’’ विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें विशेषज्ञ किसानों को उन्नत उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, विपणन और शासन की योजनाओं की जानकारी देंगे। वहीं 31 मई को सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव में आम के पौधे और विभिन्न उत्पाद विक्रय के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। साथ ही, प्रकृति की ओर सोसायटी की ओर से 11 आम की गुठलियां लाने वाले लोगों को उन्नत किस्म का आम का पौधा प्रदान किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रतिभागी 5 से 10 आम प्रति किस्म तथा आम आधारित उत्पादों के लिए न्यूनतम 250 ग्राम सामग्री के साथ पंजीयन करा सकते हैं।
प्रधान संपादक


