Explore

Search

July 21, 2026 10:08 pm

बिलासपुर में सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण, पीडब्ल्यूडी सचिव ने दिए तेजी लाने के निर्देश

बिलासपुर, 28 मई 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर में नेहरू चौक से दर्रीघाट तक निर्माणाधीन दस किलोमीटर फोरलेन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को कार्यों में तेजी लाकर परियोजना को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में श्री बंसल ने बिलासपुर जिले में चल रहे महत्वपूर्ण सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंताओं तथा अनुविभागीय अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यों के लिए चरणबद्ध समय-सीमा तय कर नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने ठेकेदारों के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उन्होंने निविदा स्वीकृति के एक माह के भीतर हर हाल में कार्य प्रारंभ कराने पर जोर दिया। इस दौरान बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता श्री आर.के. रात्रे तथा अधीक्षण अभियंता श्री के.पी. संत उपस्थित थे।

श्री बंसल ने कहा कि विभागीय कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। समीक्षा बैठक में कोनी-मोपका बायपास, जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज, जयरामनगर-सीपत रोड बायपास, उच्च न्यायालय परिसर में ऑडिटोरियम, नए जेल भवन तथा बोदरी में न्यायालयीन प्रकरणों के ओआईसी के लिए प्रस्तावित विश्राम भवन की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति की भी जानकारी ली गई।

निरीक्षण के दौरान विभागीय सचिव ने नेहरू चौक से दर्रीघाट मार्ग को साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने डिवाइडर की दीवारों और ग्रिल्स के रंग-रोगन कराने के साथ सौंदर्यीकरण कार्यों पर भी ध्यान देने को कहा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS