
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और नाकेबंदी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार की मॉक ड्रिल कराई जाती है,उन्होंने कहा कि जहां सुधार की आवश्यकता होती है, वहां आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाता है और इस अभ्यास में पुलिसकर्मियों ने प्रभावी रिस्पॉन्स दिया है”
छत्तीसगढ़।रायगढ़ में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, नाकेबंदी व्यवस्था और संदिग्धों की धरपकड़ की क्षमता को परखने के लिए जिलेभर में एक साथ लाइव मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह अभ्यास शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कराया गया।
मॉक ड्रिल के तहत रायगढ़ शहर, खरसिया और धरमजयगढ़ क्षेत्र में लूटपाट, चेन स्नैचिंग और संपत्ति संबंधी अपराधों की काल्पनिक घटनाएं तैयार कर पुलिस बल की प्रतिक्रिया का परीक्षण किया गया। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं गोपनीय रूप से विभिन्न चेकिंग प्वाइंट और नाकेबंदी स्थलों पर पहुंचे तथा पुलिसकर्मियों की कार्रवाई का निरीक्षण करते रहे।
रायगढ़ शहर में चेन स्नैचिंग और बैग लूट का डेमो
कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित की गई कि सिविल लाइन रोड पर एक महिला से चेन स्नैचिंग हुई है और बाइक सवार आरोपी सत्तीगुड़ी चौक की ओर भागे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकेबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास बैग लूट की दूसरी घटना का डेमो भी कराया गया।
एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस कार्रवाई की मॉनिटरिंग की। डेमो में शामिल संदिग्धों को पहाड़ मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
खरसिया में दो संदिग्ध दबोचे गए
खरसिया क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे कंट्रोल रूम से लूटपाट की सूचना प्रसारित हुई। इसके बाद थाना और चौकी स्तर पर तत्काल नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया गया। करीब 12:30 बजे एक संदिग्ध को रायगढ़ चौक पर पकड़ा गया, जबकि दूसरे को मदनपुर चौक पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। तीसरा संदिग्ध फरार होने में सफल रहा।
इस मॉक ड्रिल का संचालन एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में किया गया।
धरमजयगढ़ में कापू रोड पर घेराबंदी
धरमजयगढ़ क्षेत्र में कंट्रोल रूम से सूचना दी गई कि दशहरा मैदान में एक युवती से चेन स्नैचिंग कर आरोपी बाइक से कापू रोड की ओर भागे हैं। आरोपियों का हुलिया और वाहन की जानकारी तत्काल सभी प्वाइंट पर साझा की गई।एसडीओपी सिद्दांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने कापू रोड पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस ने दिया सख्त संदेश
जिलेभर में एक साथ आयोजित इस मॉक ड्रिल के माध्यम से रायगढ़ पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि अपराध के बाद त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, तकनीकी समन्वय और प्रभावी नाकेबंदी के जरिए अपराधियों को बच निकलने का मौका नहीं दिया जाएगा।
प्रधान संपादक


