Explore

Search

May 1, 2026 5:50 pm

मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण हेतु विशेष सत्र: एक तिहाई आरक्षण के संकल्प को मिला व्यापक समर्थन

महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में सदैव रखा जाएगा याद-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 1 मई 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में महिलाओं के समग्र विकास और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र को व्यापक समर्थन मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल को मातृशक्ति के सम्मान और उनके अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि मातृशक्ति केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि सृजन, संस्कार और सामर्थ्य की आधारशिला है। इसी भावना के साथ आयोजित इस विशेष सत्र में संसद एवं देश की सभी विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत नींव रखी गई है। अब उनकी राजनीतिक भागीदारी को सशक्त करना अगला महत्वपूर्ण कदम है, जिससे देश की आधी आबादी को उनके अधिकारों से पूर्ण रूप से जोड़ा जा सके।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस विषय पर विशेष सत्र आयोजित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में सदैव याद रखी जाएगी।

सत्र में समाज के विभिन्न वर्गों से आई महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतिभागियों ने अपने विचार रखते हुए महिलाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के पक्ष में मजबूत स्वर उठाया। साथ ही, वरिष्ठ विधायकों एवं महिला नेतृत्व ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए इस महत्वपूर्ण संकल्प का समर्थन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति के सम्मान और अधिकारों के मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह विषय राजनीति से परे राष्ट्र के समग्र विकास और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस दिशा में हर सकारात्मक पहल का समर्थन किया जाना चाहिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS