Explore

Search

April 26, 2026 9:00 pm

पहाड़ी कोरवा बेटी शाम कुमारी के सपनों को मिले पंखपढ़ाई के साथ मिला रोजगार

रायपुर, 26 अप्रैल 2026।छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय की महिलाएं अब सरकारी योजनाओं और अपनी मेहनत के बल पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के धौरपुर क्षेत्र की रहने वाली शाम कुमारी की सफलता की कहानी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन की पहल पर शाम कुमारी को स्वास्थ्य विभाग में रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जिससे अब वे अपनी उच्च शिक्षा का सपना स्वयं के दम पर पूरा कर रही हैं।

शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में वार्ड आया के पद पर पदस्थ


सरगुजा जिले के विकासखंड लुंड्रा अंतर्गत ग्राम पंचायत चिरमुण्डा निवासी शाम कुमारी वर्तमान में बी.एससी. अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में वार्ड आया के पद पर नियुक्त किया गया है।

अब खुद उठाएंगी पढ़ाई का खर्च


अपनी खुशी साझा करते हुए शाम कुमारी ने बताया कि उच्च शिक्षा प्राप्त करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन रोजगार मिलने से यह राह अब आसान हो गई है। उन्होंने कहा कि इस अवसर से वे न केवल अपनी पढ़ाई का खर्च स्वयं वहन कर सकेंगी, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी सहयोग दे पाएंगी।

विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए संवेदनशील पहल


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विशेष पिछड़ी जनजाति समूह (PVTG) के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। जिला प्रशासन की पहल पर डीएमएफ मद से शिक्षित पहाड़ी कोरवा युवक-युवतियों को स्वास्थ्य विभाग में वार्ड बॉय और वार्ड आया के 30 पदों पर नियुक्ति दी गई है।

शाम कुमारी ने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन सरगुजा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा उठाए जा रहे ये कदम पहाड़ी कोरवा समुदाय में नया आत्मविश्वास और उम्मीद जगा रहे हैं।

शाम कुमारी की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि क्षेत्र के अन्य पहाड़ी कोरवा छात्र-छात्राओं के लिए भी एक प्रेरक संदेश है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सरकारी योजनाओं के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS