बिलासपुर, 24 अप्रैल 2026।बिलासपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा बिना टिकट यात्रा पर नियंत्रण और यात्रियों में वैध टिकट लेने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सघन टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में तैयार विस्तृत कार्ययोजना के तहत ट्रेनों और स्टेशनों पर प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में बिलासपुर स्टेशन और विभिन्न गाड़ियों में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टीटीई स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही।
अभियान के तहत 23 अप्रैल 2026 को बिलासपुर स्टेशन पर सघन जांच के दौरान कुल 301 मामलों में 1,63,550 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 235 मामलों से 1,41,670 रुपये, अनियमित टिकट के 49 मामलों से 20,180 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 16 मामलों से 1,600 रुपये तथा गंदगी फैलाने के एक मामले में 100 रुपये का जुर्माना शामिल है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें और स्टेशन परिसर में प्रवेश से पूर्व प्लेटफार्म टिकट अवश्य खरीदें। साथ ही रेल संपत्ति को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
प्रधान संपादक


