
“एसएसपी ने कहा साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा व नशा उन्मूलन पर विशेष जागरूकता अभियान,हेल्पलाइन नंबरों के प्रचार से आमजन को किया जा रहा जागरूक”
दुर्ग, 21 अप्रैल।जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस जन मित्र योजना का शुभारंभ किया। थाना सुपेला एवं खुर्सीपार क्षेत्र से शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद, विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करना है।
एसएसपी आईपीएस विजय अग्रवाल ने कहा कि बदलते समय में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन और यातायात अनुशासन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत यह योजना लागू की गई है, जिससे नागरिक सीधे तौर पर पुलिस से जुड़ सकें और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग दें।
पुलिस द्वारा योजना के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा महिला सुरक्षा सूने मकानों की सुरक्षा एवं नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही पोस्टर पंपलेट और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए हेल्पलाइन नंबर 1930 साइबर फ्रॉड 1091 महिला सुरक्षा 1933 नशा नियंत्रण एवं 1033 यातायात की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध होगी, पुलिस-जन संवाद बेहतर होगा और अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना से जुड़कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस अभियान के सफल संचालन में थाना सुपेला एवं खुर्सीपार के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने क्षेत्र में जनसंपर्क स्थापित कर लोगों को जागरूक किया।
प्रधान संपादक


