Explore

Search

April 21, 2026 3:55 pm

इटवारी-गढ़ा रेलखंड का डीआरएम द्वारा संरक्षा निरीक्षण, अमृत स्टेशन कार्यों व यात्री सुविधाओं की समीक्षा

नागपुर।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-छिंदवाड़ा-सिवनी–नैनपुर-गढ़ा रेलखंड का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। विशेष निरीक्षण यान से किए गए इस दौरे का उद्देश्य रेल संरक्षा, परिचालन दक्षता, यात्री सुविधाओं, रेलवे कॉलोनियों तथा चिकित्सीय व्यवस्थाओं का समग्र आकलन करना रहा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसमें स्टेशन भवनों के आधुनिकीकरण, प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण, प्लेटफॉर्म उन्नयन, उच्च स्तरीय प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय पेयजल व्यवस्था एस्केलेटर लिफ्ट दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया के विकास जैसे कार्य शामिल रहे।

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टिकटिंग व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली, अनाउंसमेंट सिस्टम, प्लेटफॉर्म डिस्प्ले, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, खानपान सेवाएं, सुरक्षा प्रबंध एवं सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का भी निरीक्षण किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने मार्ग में स्थित रेलवे कॉलोनियों का जायजा लेते हुए आवासीय भवनों की स्थिति, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, ड्रेनेज, सड़कों, स्ट्रीट लाइटिंग तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। नैनपुर स्टेशन पर जनसहयोग से स्थापित प्याऊ घर का उद्घाटन भी उनके द्वारा किया गया।

इसके अलावा रेलवे चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण करते हुए ओपीडी सेवाएं, आपातकालीन व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता एवं स्वच्छता का मूल्यांकन किया गया। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रैक, सिग्नलिंग, ओवरहेड विद्युत उपकरण, पुल-पुलिया और समपार फाटकों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। साथ ही ट्रैक नवीनीनीकरण, सिग्नल आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण सुधार, फायर सेफ्टी एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल पर चर्चा कर मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के नियमित निरीक्षणों से संरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने के साथ ही स्टेशनों, कॉलोनियों और चिकित्सालयों में आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS