चौकी प्रभारी हेमंत सिंह के नेतृत्व में 162 लीटर महुआ शराब एवं मोटरसाइकिल जप्त, 6 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। बेलगहना पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी प्रभारी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 162 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब एवं एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EF 4952 जप्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 77,400 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलगहना क्षेत्र अंतर्गत भनवारटंक स्थित प्रसिद्ध मरहीमाता मंदिर में रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इसी का लाभ उठाकर कुछ असामाजिक तत्व आसपास के जंगलों एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार संचालित कर रहे थे। इस संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बेलगहना द्वारा विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ग्रामीण श्रद्धालुओं का भेष धारण कर क्षेत्र में प्रवेश किया, जिससे आरोपियों को भनक नहीं लग सकी और मौके पर ही दबिश देकर सभी को पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से आरोपियों के कब्जे से क्रमशः 20, 50, 22, 20, 20 एवं 30 लीटर महुआ शराब जप्त की। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस सफल कार्रवाई में बेलगहना चौकी के समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। चौकी प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है।
प्रधान संपादक


