Explore

Search

April 12, 2026 3:50 pm

खारंग नदी हादसे पर कलेक्टर सख्त, अवैध उत्खनन पर कड़ी निगरानी के निर्देश

“कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा प्रशासन की प्राथमिकता जन-सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण,इसके लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जाएगा और अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा”

“जहाँ 2024-25 में गढ़वट और आसपास के क्षेत्रों में 47 प्रकरण दर्ज कर लगभग 6.95 लाख रुपये की वसूली,वही 2025-26 में महज़ 22 प्रकरण दर्ज कर 3.19 लाख रुपये वसूली”

छत्तीसगढ़।बिलासपुर जिले के रतनपुर में खारंग नदी क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

कलेक्टर अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने खारंग नदी क्षेत्र में हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की घटना की विस्तृत जांच पूरी कर ली है। जांच के दौरान ग्राम गढ़वट में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में घटना स्थल का निरीक्षण किया गया।

जांच में सामने आया कि 8-9 अप्रैल की मध्य रात्रि में दो युवक नदी क्षेत्र में गए थे, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ। प्रत्यक्षदर्शी न मिलने के कारण घटना की पुष्टि ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई।

प्राथमिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम गढ़वट निवासी तोषण कुमार कश्यप के नाम से जुड़ी है। कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस थाना रतनपुर में वाहन मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 105 एवं 238(बी) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि दोनों युवक नदी क्षेत्र में रेत उत्खनन के उद्देश्य से गए थे। हालांकि मौके पर अवैध उत्खनन के प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिले, लेकिन कच्चे रास्ते और ट्रैक्टर के आवागमन के चिन्ह पाए गए हैं, जो गतिविधियों की ओर संकेत करते हैं।

उन्होंने खनिज विभाग को निर्देशित किया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जाए और पंचायत स्तर पर भी निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए। साथ ही, अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

खनिज विभाग के अनुसार, वर्ष 2024-25 में गढ़वट और आसपास के क्षेत्रों में 47 प्रकरण दर्ज कर लगभग 6.95 लाख रुपये की वसूली की गई थी, जबकि वर्ष 2025-26 में अब तक 22 प्रकरण दर्ज कर 3.19 लाख रुपये से अधिक की वसूली की जा चुकी है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दोहराया कि प्रशासन की प्राथमिकता जन-सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण है। इसके लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जाएगा और अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS