
रायपुर।राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं के लिए ऐतिहासिक और यादगार मंच साबित हुआ है, जिसने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 10 दिनों में छत्तीसगढ़ की धरती पर जो ऊर्जा और जोश देखने को मिला, वह जनजातीय युवाओं की अपार क्षमता का परिचायक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में राज्य को इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स अब प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज और खेल का संबंध सदियों पुराना है। तीरंदाजी, कुश्ती और दौड़ जैसे खेल उनकी जीवनशैली का हिस्सा रहे हैं। यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश की एकता, संस्कृति और कौशल का महाकुंभ बनकर उभरा है।
पदक विजेताओं को नगद पुरस्कार की घोषणा

मुख्यमंत्री श्री साय ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की।
• व्यक्तिगत स्पर्धा: स्वर्ण 2 लाख, रजत 1.5 लाख, कांस्य ₹1 लाख
• दलीय स्पर्धा: स्वर्ण 1 लाख, रजत 75 हजार, कांस्य 50 हजार
कर्नाटक शीर्ष पर, छत्तीसगढ़ ने जीते 19 पदक
प्रतियोगिता में पदक तालिका में कर्नाटक प्रथम, ओडिशा द्वितीय और झारखंड तृतीय स्थान पर रहे। छत्तीसगढ़ ने कुल 19 पदक (3 स्वर्ण, 10 रजत, 6 कांस्य) हासिल किए।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि स्विमिंग में अनुष्का भगत ने चार रजत पदक जीते, वहीं एथलेटिक्स में सिद्धार्थ नागेश ने स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। वेटलिफ्टिंग में निकिता ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। बालिका फुटबॉल टीम ने स्वर्ण और बालक हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता।
उपमुख्यमंत्री ने बताया ऐतिहासिक अवसर

उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि यह पहला अवसर है जब इस स्तर पर ट्राइबल गेम्स का आयोजन हुआ, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच मिला। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं और छत्तीसगढ़ की आतिथ्य परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और भव्य रूप में आयोजित होगा।
2000 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग

मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से 2000 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण मंच बन गया।
मेरीकॉम और बाइचुंग भूटिया रहे विशेष अतिथि
समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मेरीकॉम और फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
खेलों के केंद्र के रूप में उभरेगा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ जनजातीय खेलों का प्रमुख केंद्र बनेगा और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करेंगे।
प्रधान संपादक


