Explore

Search

April 4, 2026 6:30 pm

नई सोच और तकनीक ने बनाया हार्दिक को सफल किसान, अब लहलहा रही है खुशहाली

बिलासपुर।तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम बहतराई के किसान हार्दिक कश्यप ने यह साबित कर दिया है कि यदि किसान नई तकनीक अपनाने का साहस करें, तो कम भूमि में भी बेहतर आय अर्जित की जा सकती है।

पहले वे पारंपरिक तरीके से बैंगन की खेती करते थे, लेकिन मृदा जनित रोगों और कीट प्रकोप के कारण उनकी फसल बार-बार प्रभावित होती थी। इससे उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता था और खेती में अनिश्चितता बनी रहती थी।

इसी दौरान उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के बारे में जानकारी दी। हार्दिक कश्यप ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए ग्राफ्टेड बैंगन की खेती अपनाने का निर्णय लिया। योजना के तहत उन्हें उन्नत किस्म के पौधे, खाद एवं कीटनाशकों पर अनुदान तथा आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया।

नई तकनीक के अनुसार खेती शुरू करने के बाद परिणाम सकारात्मक रहे। वर्तमान में उनके खेत में बैंगन की फसल अच्छी स्थिति में है। लगभग 0.400 हेक्टेयर भूमि में उन्होंने 250 से 270 क्विंटल उत्पादन प्राप्त किया है। जहां पहले आय सीमित थी, वहीं अब वे 2.50 लाख से 3 लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं।

किसान हार्दिक कश्यप के अनुसार खेती में बदलाव और आधुनिक तकनीकों को अपनाना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने अन्य किसानों से भी अपील की है कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उन्नत खेती की दिशा में कदम बढ़ाएं।

यह सफलता की कहानी क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है और यह संदेश दे रही है कि उचित मार्गदर्शन, नवाचार और मेहनत से खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS