Explore

Search

March 20, 2026 12:46 am

मोपका व मंगला में नए पुलिस थाना खोलने की मांग विधानसभा में गूंजी, सरकार ने दी जानकारी

“विधायक सुशांत शुक्ला ने विधानसभा में इस विषय को उठाते हुए कहा कि मोपका एवं मंगला क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और कानून-व्यवस्था की जरूरतों को देखते हुए नए थानों का शीघ्र प्रारंभ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरकार से प्रक्रिया में तेजी लाने और जल्द से जल्द दोनों थानों को शुरू करने की मांग की है”

बिलासपुर, 19 मार्च 2026।बिलासपुर जिले के ग्राम मोपका एवं मंगला में नए पुलिस थाना खोले जाने की मांग को लेकर विधानसभा में प्रश्न उठाया गया। विधायक सुशांत शुक्ला द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा ने सरकार की ओर से विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

सरकार ने बताया कि मोपका एवं मंगला में नए पुलिस थानों की स्थापना की घोषणा 6 मार्च 2023 को की गई थी। हालांकि, वर्तमान स्थिति में दोनों ही स्थानों पर पुलिस थाना संचालित नहीं हो रहे हैं और न ही इनके लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण हो सकी है।

उत्तर में यह भी जानकारी दी गई कि वर्ष 2026-27 के बजट में इन दोनों थानों के भवन निर्माण के लिए 132 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रस्तावित थानों के लिए कुल 66 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं।

सरकार के अनुसार, थाना प्रारंभ न हो पाने का मुख्य कारण इनके क्षेत्राधिकार (जूरिस्डिक्शन) की अधिसूचना जारी न होना है, जिसके चलते प्रशासनिक प्रक्रिया अभी लंबित है। इस संबंध में शासन स्तर पर कार्यवाही जारी है, लेकिन फिलहाल थाना संचालन शुरू होने की कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं की जा सकी है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने विधानसभा में इस विषय को उठाते हुए कहा कि मोपका एवं मंगला क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और कानून-व्यवस्था की जरूरतों को देखते हुए नए थानों का शीघ्र प्रारंभ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरकार से प्रक्रिया में तेजी लाने और जल्द से जल्द दोनों थानों को शुरू करने की मांग की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS