युद्ध, एलपीजी और कालाबाजारी
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच भीषण जंग छिड़ी हुई है। ईरान ने समुद्री रास्ते होमुर्ज स्ट्रेट को बंद कर दिया है। यह वही इलाका है जहां से खाड़ी देशों से पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई होती है। युद्ध के बीच ईरान ने समुद्री रास्ते को लॉक कर दिया है। युद्ध का आज 13 वां दिन है। जाहिरतौर पर मानकर चलिए दुनिया में अब पेट्रोलियम पदार्थों के अलावा गैस की किल्लत होना शुरू हो गया है। पड़ाेसी मुल्क पाकिस्तान में तो तबाही मच गई है। स्कूल कालेज को बंद कर दिया गया है, सरकारी दफ्तारों के कर्मियों को वर्क फ्रॉम होम में भेज दिया गया है। युद्ध के बीच अब रसोई गैस की किल्लत को लेकर खबरें आने लगी है। हालांकि सरकार और जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को लगातार आश्वस्त करा रहे हैं और पैनिक ना होने की सलाह भी दे रहे हैं। यह तो ठीक है, दूसरी ओर जरा गौर करिए,ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के लिए यह गोल्डन चांस हो गया है, तभी तो कालाबाजारी करने वाले अपना कारोबार अपने अंदाज में शुरू भी कर दिया है। फूड डिपार्टमेंट की छापेमारी का आंकड़ा तो पब्लिक डोमेन पर है।
ये कैसी जांच टीम, बड़े की जांच छोटे कैसे करेगा और क्यों
शिक्षा विभाग में जो ना हो वह कम ही है। बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और ब्लॉकों में तो गजब हो रहा है। अफसर जब घूसखाेर निकल जाए तब क्या होगा। तब तो डिपार्टमेंट का भगवान ही मालिक है। डीईओ कार्यालय के जद में आने वाले कुछ बीईओ कार्यालय में ऐसा ही हो रहा है। प्रतिनियुक्ति हो या फिर अनुकंपा नियुक्ति, रिश्वत के बिना कुछ हो ही नहीं रहा है। ऐसे ही रिश्वतखोरी के मामले में जेडी ने जांच टीम बनाई है। तीन अफसरों को इसमें शामिल किया गया है। एक अफसर की टीम में होना सबको खटक रहा है। सवाल भी उठ रहा है, डीईओ की गड़बड़ी का जांच बीईओ कैसे करेंगे। हालांकि यह तर्क दिया जा रहा है, जब गड़बड़ी हुई थी तब मौजूदा डीईओ बीईओ थे। तर्क देने वालों को कौन समझाए, अभी तो बड़ी कुर्सी पर बैठे हैं, छोटी कुर्सी और वह भी मातहत अधिकारी, कैसे जांच करेंगे। उनकी हिम्मत होगी क्या।
छत्तीसगढ़ के यूथ को सीएम की बड़ी सौगात
छत्तीसगढ़ के युवाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी सौगात दी है। व्यवसायिक परीक्षा मंडल को अब भंग कर दिया जाएगा। व्यापमं अब इतिहास की बातें हो जाएंगी। व्यापमं की जगह कर्मचारी चयन मंडल लेगा। सीएम ने इसकी घोषणा कर दी है। जाहिर है जब प्रदेश के मुखिया ने इसकी घोषणा कर दी है तब इसे जल्द अमलीजामा भी पहनाया जाएगा। सेटअप सहित जरुरी नियम कायदे भी बनाए जाएंगे। कर्मचारी चयन मंडल के छत के नीचे बाबू,सिपाही से लेकर अधिकारी की भर्तियां होंगी। मोदी की गारंटियों को पूरा करने वाली सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए एक कदम आगे बढ़कर काम करने का निर्णय लिया है। जाहिरतौर पर इससे युवाओं को लाभ मिलेगा।
एसएसपी की सराहनीय पहल, क्राइम पर लगेगा अंकुश
बिलासपुर जिले के एसएसपी की इस पहल की चर्चा होने लगी है। बिना नंबर प्लेट के दोपहिया व चारपहिया वाहनों को अब पेट्रोल पंप में तेल की सप्लाई करने वाले बायकाट करेंगे। एसएसपी ने निर्देश जारी किया है, बिना नंबर वाले वाहनों को तेल की आपूर्ति ना की जाए। इसके अलावा ट्रैफिक नियमों के विपरीत नंबर प्लेट में वाहन का नंबर लिखाने वालों को भी पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति नहीं की जाएगी। इसके पीछे का कारण भी साफ है, अपराध करने वाले ऐसे ही वाहनों का उपयोग करते हैं, ताकि सीसीटीवी कैमरे के पकड़ से दूर रहे और अपना काम कर फरार हो जाए। अब ऐसा नहीं चलेगा। इनको तो पेट्रोल पंपों से तेल ही नहीं मिलेगा। एसएसपी ने पंप संचालकों से कहा है, ऐसे वाहनों की सूचना भी तत्काल दें। हम सब उम्मीद लगाएं और भरोसा करें, अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ में एसएसपी का अभियान सफल होगा।
अटकलबाजी
खाड़ी देशों में छिड़ी जंग के बीच एलपीजी की कालाबाजारी की खबरें जोरशेार से सुनाई दे रही है। कालाबाजारी के बीच शार्ट सप्लाई की आशंका भी जताई जा रही है। फूड डिपार्टमेंट के अफसरों की भूमिका पर अब सबकी नजरें लगी रहेगी। फूड डिपार्टमेंट, ब्लैक मार्केटिंग करने वालों और रसोई गैस वितरकों पर जब तक युद्ध समाप्त नहीं हो जाता, पूरे समय नजरें लगी रहेंगी। अब ये क्या करते हैं यही देखने वाली बात होगी।
मंत्री ने अटैचमेंट खत्म करने की घोषणा कर दी है, सदन में घोषणा और टाइम लिमिट दोनों। मंत्री की घोषणा का असर किस विभाग में ज्यादा होगा। गेहूं के साथ कितने घुन पिसाएंगे, यही तो देखना है।
प्रधान संपादक


