Explore

Search

March 6, 2026 2:03 am

रतनपुर टीआई की सक्रियता से पॉकेटमार गिरफ़्तार, 33 हजार रुपये बरामद

बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस को बैंक में पॉकेटमारी करने वाले आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय की तत्परता और टीम की सक्रियता से आरोपी को कबीरधाम जिले से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके कब्जे से चोरी की गई 33 हजार रुपये की रकम बरामद की गई है।

रतनपुर टीआई से मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 को रैनपुर कर्रा निवासी छतलाल कैवर्त और जूनाशहर रतनपुर निवासी कमलेश कुमार ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 मार्च को जिला सहकारी बैंक शाखा रतनपुर से धान बिक्री की राशि मिलने पर दोनों ने क्रमशः 18 हजार और 17 हजार रुपये निकाले थे। बैंक परिसर में ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने जेब से उनकी नकदी पार कर दी।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने तुरंत पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू कराई। बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान फुटेज में दिख रहे संदिग्ध की पहचान पंडरिया निवासी सुरेन्द्र संवरा उर्फ सोमरू के रूप में हुई।टीआई निलेश पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम कबीरधाम जिले के पंडरिया पहुंची और आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वह 2 हजार रुपये खर्च कर चुका है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 हजार रुपये बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के साथ आकाश चौधरी एएसआई नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक धीरज कश्यप और कीर्ति पैकरा का विशेष योगदान रहा।रतनपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS