
“एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा किसी भी व्यक्ति द्वारा खुद को पुलिस या क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर दबाव बनाने की कोशिश की जाए तो तत्काल स्थानीय थाने में शिकायत करें”
छत्तीसगढ़।बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को डराने-धमकाने और पैसे वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी अभिषेक सिंह, निवासी करगी खुर्द कोटा, ने थाने में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि अन्य जिले का एक आरक्षक अपने कुछ साथियों के साथ, जो पूर्व में पुलिस लाइन में हायर व्हीकल के ड्राइवर रहे हैं, खुद को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर उसे अपराध में फंसाने की धमकी दी और उससे पैसे वसूल किए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर कोटा थाना में अपराध क्रमांक 169/26 धारा 308(7), 319(2), 296, 170, 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।
कोटा थाना में हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर ऐसे फर्जी अधिकारी बनकर आम जनता को ठगने वाले कितने लोग सक्रिय हैं।एसएसपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा खुद को पुलिस या क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर दबाव बनाने की कोशिश की जाए तो तत्काल स्थानीय थाने में शिकायत करें।
वही जिले के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कोटा थाना प्रभारी नरेश चौहान को सभी आरोपियों की फोटो सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन सतर्क रहें और यदि किसी अन्य व्यक्ति से भी इस प्रकार की वसूली की गई हो तो सामने आकर शिकायत दर्ज कराएं।
एसएसपी सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई ही नहीं बल्कि ऐसे लोगो की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार से कोई भी अपराधी पुलिस का नाम लेकर आम जनता के साथ ऐसी हरकत दोबारा ना कर सके,दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधान संपादक


