Explore

Search

March 3, 2026 7:18 pm

होली पर हाई अलर्ट: 78 चेकिंग प्वाइंट, 76 पेट्रोलिंग दल और 37 बाइक दस्ते तैनात – एसएसपी रजनेश सिंह की निगरानी में सुरक्षा चाक-चौबंद

“एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त लहजे में कहा हुड़दंग, शराब सेवन कर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा ध्वनि प्रदूषण के मामलों में होगी सख्त कार्रवाई ,मुख्य मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया ,संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर शहर-देहात में चप्पे-चप्पे पर निगरानी”

बिलासपुर। रंगों के पर्व होली को लेकर इस बार बिलासपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधि पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में व्यापक सुरक्षा घेरा तैयार किया है। पूरी व्यवस्था की कमान स्वयं डीआईजी एवं एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह संभाले हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षु आईपीएस सहित अन्य अधिकारियों ने देर रात्रि 2 बजे तक सभी चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया। होलिका दहन के दौरान भी पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। प्रशासन के अनुसार सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य एवं शांतिपूर्ण रही।

होली के मद्देनजर एक मार्च 2026 से शहरी एवं देहात क्षेत्रों में विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। जिले में कुल 78 चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां सघन वाहन जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त 76 पेट्रोलिंग दल प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रहे हैं। त्वरित कार्रवाई और संकरी गलियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 37 बाइक पेट्रोलिंग टीमों को भी तैनात किया गया है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, ध्वनि प्रदूषण तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

होली के अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सख्त प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है,जानकारी के मुताबिक 128 आदतन निगरानीशुदा,गुंडा बदमाशों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। 36 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 129 बीएनएसएस के तहत सदा आचरण हेतु कार्यवाही की गई। 337 व्यक्तियों को धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत बाउंड ओवर किया गया। 19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही की गई। 22 आरोपियों को धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 64 प्रकरण दर्ज कर अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

एसएसपी की अपील

एसएसपी सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली को आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।होली पर्व के मद्देनजर की गई इन व्यवस्थाओं से जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS