ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत कार्रवाई, 3.81 लाख रुपये की सामग्री जब्त

“वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशा या मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी”
मुंगेली, 1 मार्च 2026। भारत सरकार के अभियान ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के अंतर्गत थाना जरहागांव क्षेत्र से ब्राउन शुगर की बिक्री में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक श्मशान घाट के पास अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री के उद्देश्य से एकत्रित हो रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर सेल और थाना जरहागांव पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके से पांच संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 2 लाख 65 हजार रुपये), 6 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50 हजार रुपये), एक होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 P 1199 (कीमत लगभग 65 हजार रुपये) तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (कीमत लगभग 1 हजार रुपये) जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 3 लाख 81 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी द्वारा ब्राउन शुगर को नैनी, प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) से नगद एवं ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से मंगाने की बात स्वीकार की गई है। इस मामले में थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर कश्यप (24 वर्ष), सियाराम कश्यप (25 वर्ष), विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष), लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष) तथा रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष) शामिल हैं। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशा या मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
प्रधान संपादक


