“आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग ने होली की शुभकामनाएं देते हुए जनता से अपील की कि उत्साह के साथ पर्व मनाएं किंतु दूसरों की स्वतंत्रता और सुरक्षा का सम्मान करें”

“जिलों को निर्देश किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए ”
बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्वयं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
आईजी श्री गर्ग ने थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक गाइडलाइन तय की जाए, ताकि होली पारंपरिक उल्लास और भाईचारे के साथ मनाई जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से शराब पीकर हुड़दंग करने वालों, नशीले पदार्थों का सेवन कर शांति भंग करने वालों तथा ट्रिपल राइडिंग कर उपद्रव मचाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। श्री गर्ग ने कहा कि रंगों के इस पवित्र त्योहार की गरिमा भंग करने वाले असामाजिक तत्व किसी भी स्थिति में बख्शे नहीं जाएंगे।
आईजी गर्ग ने निर्देश दिया कि होलिका दहन की संध्या से लेकर धुलेंडी तक सतत पेट्रोलिंग की जाएगी। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पिकेट पॉइंट स्थापित कर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। गुंडा-बदमाशों की विशेष चेकिंग, अवैध शराब विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
श्री गर्ग ने जिलों को यह भी निर्देशित किया कि किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि उत्साह के साथ पर्व मनाएं किंतु दूसरों की स्वतंत्रता और सुरक्षा का सम्मान करें।
प्रधान संपादक


