Explore

Search

February 27, 2026 1:10 pm

होली पर सख्त पहरा: उपद्रवियों पर कसा जाएगा शिकंजा, ऑपरेशन 555 से रोज़ पांच गिरफ्तारी का लक्ष्य

“डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा पुलिस का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक बिना किसी भय के रंगों का पर्व मना सके,इसके लिए व्यापक रणनीति, सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था लागू की गई है, ताकि होली शांति, सुरक्षा और उल्लास के साथ संपन्न हो”

“साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण,पुलिस बल की तत्परता, अनुशासन और संसाधनों की समीक्षा ,जवानों को सतर्कता, संयम और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश ”

बिलासपुर। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने कमर कस ली है। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, उपद्रव या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान अराजक तत्वों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं होगा। आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।

शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का निरीक्षण करते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस बल की तत्परता, अनुशासन और संसाधनों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जवानों को सतर्कता, संयम और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का रूप ले सकती है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहें।

ऑपरेशन 555 से अपराधियों पर सर्जिकल वार

होली के मद्देनजर ऑपरेशन 555 को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन कम से कम पांच बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। वारंटियों, निगरानीशुदा बदमाशों और पूर्व में हुड़दंग कर चुके तत्वों की सूची तैयार कर उनकी सतत निगरानी की जाएगी।

एसएसपी ने साफ़ शब्दों में स्पष्ट किया कि जिन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाई जाएंगी, उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी, ताकि त्योहार के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने पर सख्ती

त्योहार के दौरान सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष ट्रैफिक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। तीन सवारी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग पॉइंट स्थापित किए जाएंगे।

रात में बढ़ेगी गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर

एसएसपी ने रात के समय गश्त बढ़ाने और अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार भ्रमण करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित प्रतिक्रिया दी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने साफ कहा कि ड्यूटी में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा करने और अधीनस्थों को दिशा-निर्देश देने को कहा।

एसएसपी ने आमजन से सहयोग की अपील

 एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

एसएसपी सिंह ने कहा कि बिलासपुर पुलिस का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक बिना किसी भय के रंगों का पर्व मना सके। इसके लिए व्यापक रणनीति, सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था लागू की गई है, ताकि होली शांति, सुरक्षा और उल्लास के साथ संपन्न हो।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS