Explore

Search

May 31, 2026 11:47 pm

एसएसपी दुर्ग की चेतावनी,होली पर सड़क पर हुड़दंग नहीं चलेगा नियम तोड़े तो वाहन जप्त, लाइसेंस निलंबन तय 

होली पर्व के दौरान सड़क पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नियम तोड़ने वालों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई होगी, चाहे वह कोई भी हो”

दुर्ग। होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात सुरक्षा बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-06 भिलाई में पुलिस उपमहानिरीक्षक-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल द्वारा यातायात पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नियम तोड़ने वालों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

होलिका दहन की रात्रि एवं होली के दिन शहर के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा चिन्हित संवेदनशील व अतिसंवेदनशील चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। विशेष टीमों द्वारा इंटरसेप्टर और ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से सघन वाहन जांच की जाएगी।

एसएसपी अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज व लापरवाह ड्राइविंग, स्टंटबाजी, तीन सवारी, खुले वाहनों में खतरनाक यात्रा, मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज ध्वनि और सड़क अवरुद्ध करने जैसे मामलों में शून्य सहनशीलता नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर दोषी पाए जाने पर तत्काल वाहन जप्त किया जाएगा तथा प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी।

समीक्षा बैठक के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग में सराहनीय कार्य करने वाले यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी अधिकारियों को ड्यूटी प्वाइंट पर समयबद्ध उपस्थिति और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को मर्यादित और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं तथा अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS