Explore

Search

February 21, 2026 2:37 pm

धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया थाने, युवक ने फांसी लगाकर दी जान

बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी से सहायता राशि लेने के मामले की जांच के बीच एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


पुलिस के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के ग्राम चनाडोंगरी में रहने वाली उर्वशी श्रीवास ने अपने पति की मौत सर्पदंश से होना बताकर तहसील कार्यालय में आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया था। बताया गया कि महिला के पति की वर्ष 2022 में बीमारी से मौत हुई थी, लेकिन आवेदन में सर्पदंश से मृत्यु दर्शाई गई। आवेदन के साथ लगाए गए दस्तावेजों के आधार पर शासन से करीब चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर ली गई। इधर, कलेक्टर के निर्देश पर जब पूरे मामले की जांच कराई गई तो मामला संदिग्ध पाया गया। जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय टीम ने दस्तावेजों की पड़ताल की, जिसमें कई गड़बड़ियां सामने आईं। रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि सहायता राशि स्वीकृत कराने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया और आदेश पत्र में तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार ने तखतपुर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार शाम उर्वशी श्रीवास को बयान के लिए थाने बुलाया। वह अपने बेटे कमलेश श्रीवास के साथ थाने पहुंची थी। पुलिस पूछताछ के दौरान कमलेश अपनी मां को थाने में छोड़कर घर चला गया। कुछ देर बाद उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सहायता राशि के लिए जिस मर्ग क्रमांक का उल्लेख आवेदन में किया गया था, वह किसी अन्य व्यक्ति का था, जिसने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। इससे पूरे मामले में किसी बिचौलिए की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS