बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। खम्हरिया गांव में बाइक सवार तीन बदमाश ज्वेलरी दुकान संचालक से सोना-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी कोरबा जिले की सीमा से लगे जंगल की ओर भाग निकले।

जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी विनय सोनी सोने-चांदी के व्यापारी हैं। वे सीपत क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में रमेश ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार सुबह वे रोज की तरह दुकान खोलकर व्यवसाय कर रहे थे। शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने करीब 10 किलो चांदी के जेवर और लगभग 10 तोला सोने के जेवर एक बैग में रखे। वहीं दूसरे बैग में अपना टिफिन बॉक्स रखा था। दुकान बंद करते समय उन्होंने दोनों बैग दुकान के सामने रख दिए और शटर में ताला लगा रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बाइक से उतरकर एक युवक ने तेजी से दोनों बैग उठाए और भागने लगा। जब तक व्यापारी कुछ समझ पाते, युवक वापस बाइक पर बैठ गया। इसके बाद बाइक चला रहा साथी तेज रफ्तार में वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद व्यापारी ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने बाइक सवारों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक आरोपी मड़ई-बिटकुला की दिशा में भाग चुके थे। देखते ही देखते गांव में लूट की खबर फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
पहले से रेकी की आशंका
बताया जा रहा है कि व्यापारी विनय सोनी रोजाना दुकान बंद करते समय सोना-चांदी अपने साथ घर ले जाते थे। वे लगभग एक ही समय पर दुकान बंद करते थे। शुक्रवार को भी वे रोज की तरह ही बैग बाहर रखकर शटर बंद कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले से उनकी गतिविधियों की रेकी की थी और मौके का इंतजार कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रधान संपादक


