
आईजी रेंज गर्ग ने कहा घटना में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा,कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और मामले का जल्द होगा खुलासा
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में मंगलवार रात ज्वेलरी व्यापारी से लूट के मामले में पुलिस की जंबो टीम जांच में जुटी हुई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।घटना को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। आईजी रेंज बिलासपुर आईपीएस रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग स्वयं मौके पर पहुंचे और घायल ज्वेलरी व्यापारी से प्राथमिक जानकारी लेकर तत्काल जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने अब तक शहर और ग्रामीण इलाकों में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों का फुटेज एकत्र कर उसका विश्लेषण शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
उरतुम गांव के पास मिली लूटी गई कार

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूटी गई कार सरकंडा क्षेत्र के उरतुम गांव के बाहर लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
कार के पास मिले जेवर और डिब्बे
लूट के बाद जिले की सीमाएं सील कर दी गईं और जिले से बाहर जाने वाली सड़कों पर पुलिस बल तैनात किया गया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि व्यवसायी की कार उरतुम गांव के पास लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान कार के पास से जेवरों के कुछ डिब्बे और थोड़ी मात्रा में सोने के आभूषण मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
डॉग स्क्वायड से तलाशी अभियान
आईजी गर्ग के निर्देश पर मौके पर डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। डॉग कार से निकलकर खेतों की ओर गया जिसके बाद अतिरिक्त बल बुलाकर आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
चोरी के वाहन से दिया गया वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने जिस कार और बाइक का उपयोग किया, वे पहले से चोरी की थीं। कार जांजगीर और बाइक मैनपाट से चोरी की गई थी। इस एंगल से भी पुलिस की टीम जांच को आगे बढ़ा रही है।
आईजी स्वयं कर रहे मॉनिटरिंग

आईजी रेंज बिलासपुर ने पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए युद्धस्तर पर जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही लूट में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सराफा कारोबारियों को दिलाया भरोसा
आईजी गर्ग ने सराफा कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रधान संपादक


