Explore

Search

February 18, 2026 4:13 am

ज्वैलर्स पर जानलेवा हमला, लुटेरे फायरिंग में रहे नाकाम,घटनास्थल पहुंचे आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग, बोले-आरोपी जल्द होंगे सलाखों के पीछे

बिलासपुर।सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत टेलीफोन एक्सचेंज रोड राजकिशोर नगर में मंगलवार रात करीब 9 बजे बेखौफ बदमाशों ने महालक्ष्मी ज्वैलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर दिया। अज्ञात आरोपियों ने उन्हें रोककर पहले मारपीट की और फिर फायर करने का प्रयास किया, हालांकि गोली नहीं चल सकी।

घटना के बाद बदमाश ज्वैलर्स संचालक की मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार क्रमांक CG 10 AH 7707 लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार में सोने-चांदी का सामान मौजूद था, हालांकि लूट की सटीक मात्रा का अभी पता नहीं चल पाया है।

मौके से कारतूस, मैगजीन और वाहन बरामद

पुलिस को घटनास्थल से चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और कुछ राउंड मिले हैं, जिन्हें चलाया नहीं गया था। इसके अलावा आरोपी मौके पर एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 P 0331 और एक कार क्रमांक CG 10 BJ 8147 छोड़कर फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में लूट में प्रयुक्त वाहन चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है।

हथौड़ी से सिर पर हमला, घायल खतरे से बाहर

हमले में ज्वैलर्स संचालक संतोष तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने हथौड़ी से वार किया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

आईजी रामगोपाल गर्ग पहुंचे मौके पर, दिए सख्त निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्य और संदिग्धों की आवाजाही की गहन जांच के निर्देश दिए।

आईजी गर्ग ने कहा कि गोली नहीं चली है, लेकिन मौके से कारतूस मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि वारदात की मंशा बेहद गंभीर थी।इस तरह की वारदात चिंता का विषय है, इसे गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।आईजी गर्ग ने भरोसा दिलाया कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

घटना के बाद जुटी भीड़, पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे जिन्हें एएसपी पंकज पटेल सीएसपी निमितेश सिंह सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या ने नियंत्रित किया। फिलहाल सरकंडा पुलिस सहित अन्य टीमें मौके पर मौजूद हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS