“नशे में वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई,हेलमेट और सीट बेल्ट की अनदेखी पड़ रही भारी,संवेदनशील समय में चलाया जा रहा विशेष अभियान”

“यातायात एएसपी करियारे ने की अपील, वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें ,शराब या किसी भी नशे की हालत में वाहन न चलाएं ,निर्धारित गति सीमा का पालन करें,नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि सुरक्षा ही प्राथमिक उद्देश्य है”
बिलासपुर।शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दुर्घटना के आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सर्वाधिक सड़क हादसे हो रहे हैं। इसी समयावधि को सबसे संवेदनशील मानते हुए यातायात पुलिस ने निगरानी और कार्रवाई दोनों को तेज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत तेज रफ्तार लापरवाहीपूर्वक वाहन चालन, शराब के नशे में ड्राइविंग बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई

यातायात एएसपी राम गोपाल करियाते ने बताया कि जनवरी माह से अब तक शराब सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 450 से अधिक वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां आरोपियों पर भारी जुर्माना अधिरोपित किया गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट की अनदेखी पड़ रही भारी
श्री करियारे के मुताबिक दुर्घटनाओं में जान गंवाने के मामलों में हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करना प्रमुख कारण बनकर सामने आ रहा है। इसी को देखते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1300 से अधिक चालकों पर कार्रवाई कर समन शुल्क वसूला गया है।
आईटीएमएस से 7500 से ज्यादा चालान

यातायात नियमों के उल्लंघन पर आईटीएमएस इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से 7500 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की गई है। इसमें तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग, गलत नंबर प्लेट और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसे मामले शामिल हैं।
संवेदनशील समय में विशेष अभियान
उन्होंने बताया कि दुर्घटना संभावित समय को देखते हुए हर दिन पुलिस द्वारा शाम से देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि हादसों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
यातायात एएसपी करियारे ने की अपील
यातायात एएसपी रामगोपाल करियारे ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें ,चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग करें ,शराब या किसी भी नशे की हालत में वाहन न चलाएं ,निर्धारित गति सीमा का पालन करें।उन्होंने कहा कि पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि नियमों का पालन करने वालों की सुरक्षा ही प्राथमिक उद्देश्य है।
प्रधान संपादक


