Explore

Search

October 6, 2026 10:14 am

राइस मिल के मुंशी ने नौ लाख के धान का किया गबन, जुर्म दर्ज

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में संचालित एक राइस मिल में नौ लाख रुपये मूल्य के 360 क्विंटल धान के गबन का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित मुंशी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र के धान व्यापारियों में भी चर्चा का माहौल है।

बिल्हा क्षेत्र के ग्राम कोटिया निवासी धर्मराज सिंह (52) ग्राम कुंआपाली में महावीर एग्रो इंडस्ट्रीज नामक राइस मिल का संचालन करते हैं। उन्होंने ग्राम बरतोरी निवासी श्याम अग्रवाल (34) को मिल में मुंशी के पद पर नियुक्त किया था। आरोपित मिल के समस्त प्रशासनिक कार्यों की देखरेख करता था। उसके जिम्मे डीओ लेटर प्राप्त करना, गेट पास जारी करना तथा धान उठाव की प्रक्रिया को पूरा करना शामिल था। शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2025 में मार्कफेड द्वारा जारी डीओ के आधार पर आरोपित ने बिना संचालक को जानकारी दिए एक जनवरी 2025 को ग्राम बोड़सरा स्थित धान खरीदी केंद्र से 180 क्विंटल धान तथा पांच जनवरी 2025 को जारी दूसरे डीओ के आधार पर नौ जनवरी 2025 को ग्राम बिटकुली धान खरीदी केंद्र से 180 क्विंटल धान उठाया। उक्त धान कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिल लाया जाना था, किंतु आरोपित ने धान मिल परिसर में जमा नहीं किया। मार्च 2025 में रजिस्टर मिलान के दौरान 360 क्विंटल धान की कमी पाई गई। इस पर संचालक ने मुंशी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने धान बेच देने की बात स्वीकार कर ली, हालांकि धान किसे और कहां बेचा गया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी। आरोपित ने 15 से 20 दिनों के भीतर नौ लाख रुपये वापस करने का आश्वासन दिया था और एक अप्रैल 2025 को इकरारनामा भी लिखकर दिया। इसके बाद वह अचानक फरार हो गया। राशि वापस नहीं मिलने पर संचालक ने पूरे मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS