Explore

Search

February 11, 2026 5:36 pm

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 13 फरवरी को करेंगे मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ

भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी और बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर देंगे प्रस्तुति

एडवेंचर स्पोर्ट्स और सांस्कृतिक आयोजनों से सजेगा छत्तीसगढ़ का शिमला

रायपुर।छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 से 15 फरवरी तक आयोजित होने वाले मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। छत्तीसगढ़ का शिमला और छोटा तिब्बत के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट में यह आयोजन रोपाखार जलाशय के समीप किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल करेंगे।

मैनपाट महोत्सव में लोक संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा। 13 फरवरी को भोजपुरी फिल्म जगत के सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी दिन छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी तथा ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य भी दर्शकों को आकर्षित करेगा।

14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार अपनी गायकी से समां बांधेंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 15 फरवरी को बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव तथा गायक आयुष नामदेव भी प्रस्तुति देंगे। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें शासन की योजनाओं के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों, टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यटकों के लिए बोटिंग, साहसिक खेल और पारंपरिक दंगल जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटक सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। फूड ज़ोन में सरगुजा अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा।

मैनपाट के प्रमुख आकर्षण

अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर हिल स्टेशन है। यहां बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय निवास करता है, जहां का थाकपो शेडुप्लिंग मठ प्रमुख आकर्षण है।

जलजली क्षेत्र एक भूगर्भीय आश्चर्य है, जहां जमीन दलदली है और कूदने पर स्पंज की तरह हिलती है, जिसे म्यूजिकल लैंड भी कहा जाता है। वहीं उल्टा पानी स्थल पर पानी ढलान के विपरीत दिशा में बहता दिखाई देता है। इसके अतिरिक्त टाइगर प्वाइंट, मछली प्वाइंट, मेहता प्वाइंट और सरभंजा जलप्रपात भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS