बिलासपुर। जिले में अवैध शराब बिक्री पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। बीट पुलिसिंग के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते पुलिस ने सरकारी देशी शराब की अवैध बिक्री करते एक कोचिये को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के कब्जे से 36 पाव सरकारी देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
सकरी पुलिस के अनुसार बीट क्रमांक-2 में तैनात आरक्षक सज्जू अली और रामचंद्र कश्यप रविवार को नियमित बीट भ्रमण पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि चोरभट्ठी खुर्द क्षेत्र में खजुरी रोड के पास एक युवक अवैध रूप से सरकारी देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरक्षकों ने तत्काल बीट प्रभारी को अवगत कराया। बीट प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम वासुदेव (23) बताया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 36 नग सरकारी देशी शराब बरामद हुई, जिन पर शासन की सील लगी हुई थी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शराब अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई थी। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी गोलमोल जवाब देता रहा। पुलिस ने जब सख्ती बरती तो उसके पास शराब रखने और बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। सकरी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद शराब को जब्ती पंचनामा बनाकर विधिवत जब्त किया गया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बीट सिस्टम से पुलिसिंग में आ रही कसावट
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीट पुलिसिंग के चलते क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पा रहा है। स्थानीय स्तर पर सतत निगरानी और सूचना तंत्र मजबूत होने से शराब कोचियों पर कार्रवाई तेज हुई है। आने वाले दिनों में भी अवैध शराब बिक्री, नशे के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
प्रधान संपादक


