बिलासपुर। शहर के व्यस्त लालखदान ओवरब्रिज पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक हाइवा की चपेट में आ गया, जिससे उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची तोरवा पुलिस ने हाइवा को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तोरवा थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने बताया कि महमंद निवासी विशाल रजक रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे अपनी बाइक क्रमांक सीजी-10-वी-6274 से बिलासपुर की ओर से घर लौट रहा था। जैसे ही वह लालखदान ओवरब्रिज पर पहुंचा, पीछे से तेज गति में आ रहे हाइवा क्रमांक सीजी-10-आर-1054 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विशाल बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और हाइवा के पहियों के नीचे आ गया। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े युवक को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने हाइवा को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बीच सड़क पर वाहन छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। पुलिस के अनुसार घायल युवक जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लालखदान ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की तेज और अनियंत्रित रफ्तार आम बात हो गई है। कई बार शिकायतों के बावजूद ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
हादसे के बाद चालक फरार
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपित हाइवा चालक गिरफ्तारी के डर से मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारी हाइवा को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।
प्रधान संपादक


